टक्कर के बाद बोनट पर लटका चालक, दो किमी तक दौड़ती रही कार


■टक्कर के बाद बोनट पर लटका चालक, दो किमी तक दौड़ती रही कार
■रोकने के प्रयास के बावजूद नहीं रुका कार सवार, सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने पकड़ा
■सितारगंज। सितारगंज-किच्छा मार्ग पर एक्सिस बैंक के पास शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वाहन मोड़ते समय सामने से आ रही कार ने एक वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने सामने वाली कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार रुकने के बजाय वाहन लेकर भागने लगा।
कार को भागता देख क्षतिग्रस्त वाहन का चालक जान जोखिम में डालकर कार के बोनट पर चढ़ गया। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और करीब दो किलोमीटर तक बोनट पर चालक को बैठाकर कार दौड़ाता रहा। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




